5 देशों के साथ सीमाओं को करेगा बंद,जर्मनी में एक दिन में 1,043 मामलों की पुष्टि,
नई दिल्ली, एजेंसिया। जर्मनी कोरोना वायरस के प्रसार पर अंकुश लगाने के लिए फ्रांस, ऑस्ट्रिया, स्विटजरलैंड, डेनमार्क और लक्जमबर्ग के साथ अपनी सीमाओं को सोमवार से वह बंद कर देगा। गृह मंत्री होर्स्ट सीहोफर ने इसकी जानकारी मीडिया को दी। जर्मनी की रोग नियंत्रण एजेंसी से पता चला है कि देश में पुष्ट मामलों संख्या रविवार दोपहर तक 4,838 तक पहुंच गई, जो पिछले दिन से 1,043 अधिक है। मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
दुनियाभर में 6,000 से अधिक लोगों की मृत्यु
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने घोषणा की है कि यूरोप कोरोना वायरस महामारी का नया ‘केंद्र’ बन गया है। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार वायरस के कारण वैश्विक स्तर पर 6,000 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई है। वहीं, 15 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं। इटली में पिछले 24 घंटे में 368 लोगों की मौत हुई है। यहां मरने वालों की संख्या 1,809 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 3,590 नए मामलों की पुष्टि हुई है। कुल पुष्ट संक्रमित लोगों की संख्या 24,747 हो गई है।
चीन में मरने वालों की संख्या 3,213 हुई
समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार चीन में COVID-19 के प्रकोप के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,213 हो गई है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि देश में पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 80,860 हो गई है। चीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने कोरोना वायरस संक्रमण के 16 नए पुष्ट मामलों और 14 मरीजों की मौत की सूचना दी है।